विकास नंद/सर्वव्यापी/
महासमुंद जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने आज सुबह 10 बजे से साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर जिले में चल रहे महत्वपूर्ण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तथा शासन की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।सीईओ नंदनवार ने जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को आबंटित उपार्जन केन्द्रों को शत-प्रतिशत चालू रखने तथा सहकारी समितियों में वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक सुविधाओं, संसाधनों, तोल उपकरणों, ऑनलाइन एंट्री, मिलान पर्ची व्यवस्था तथा तौल प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संचालित करने कहा। उन्होंने धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार सभी तैयारियाँ पूर्ण करने पर जोर दिया।जिले के सभी 16 चेक पोस्टों में धान की आवक एवं अवैध परिवहन पर सख्ती से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर नए चेक पोस्ट स्थापित करने तथा अवैध परिवहन में पकड़े गए वाहनों को तत्काल सीज कर प्रकरण दर्ज करने कहा गया। उन्होंने खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू स्थिति में रखने और निगरानी टीमों द्वारा सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया।विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) की समीक्षा करते हुए सीईओ नंदनवार ने बीएलओ को गणना पत्रकों के शत-प्रतिशत वितरण तथा पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरओ एवं ईआरओ को भरे हुए गणना व घोषणा पत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने को कहा। प्रशिक्षण में बताए गए बिंदुओं के अनुसार 4 दिसम्बर तक घर-घर सर्वे कर आवश्यक विवरण संकलित करने कहा गया। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील भी की। जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त 1083 बीएलओ द्वारा अब तक 98.49 प्रतिशत गणना पत्रक वितरित किए जा चुके हैं।सीईओ नंदनवार ने कलेक्टर कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन हेतु विभागवार समीक्षा की। मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक एवं राजस्व प्रकरणों की प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त मांगों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


