जिला अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार तेज, जल्द मिलेगी नई एक्स-रे, सोनोग्राफी और सीटी स्कैन मशीन.. डॉ माहेश्वरी। - Sarvavyapi जिला अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार तेज, जल्द मिलेगी नई एक्स-रे, सोनोग्राफी और सीटी स्कैन मशीन.. डॉ माहेश्वरी। - Sarvavyapi

जिला अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार तेज, जल्द मिलेगी नई एक्स-रे, सोनोग्राफी और सीटी स्कैन मशीन.. डॉ माहेश्वरी।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिला चिकित्सालय महासमुंद, जो शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध है, मरीजों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रहा है। संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं चरणबद्ध रूप से सुदृढ़ की जा रही हैं तथा शासन के मंशानुरूप मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि विगत कुछ दिनों से एक्स-रे मशीन के प्रिंटर में आई तकनीकी खराबी के कारण मरीजों को प्रिंट प्रदान नहीं किया जा सका था। अधिकृत फर्म को सूचना देने के बाद तकनीशियन द्वारा नया प्रिंटर स्थापित कर दिया गया है, जिसे पूर्व स्थापित एक्स-रे मशीन से लिंक करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही एक्स-रे की फिल्में पुनः नियमित रूप से उपलब्ध होने लगेंगी। इसके साथ ही 500 एम.ए. की नई एक्स-रे मशीन का क्रय सीजीएमएससी के माध्यम से प्रक्रियाधीन है।डॉ. माहेश्वरी ने स्पष्ट किया कि एक्स-रे टेक्नीशियनों द्वारा चिकित्सकों के मोबाइल में फोटो भेजने संबंधी किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यह सुविधा केवल मरीजों की सुविधा और त्वरित उपचार को ध्यान में रखते हुए प्रदान की जा रही है।उन्होंने बताया कि चूंकि शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद नया महाविद्यालय है, इसलिए एनएमसी मानकों के अनुसार संसाधनों और उपकरणों की आपूर्ति एवं अनुमोदन के लिए शासन को पत्राचार किया गया है। विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक उपकरणों का क्रय भी सीजीएमएससी के माध्यम से प्रगतिरत है।सोनोग्राफी में एक माह की प्रतीक्षा अवधि के संबंध में उन्होंने बताया कि महासमुंद के साथ-साथ आसपास के जिलों के भी मरीज यहां आते हैं और वर्तमान में केवल एक ही मशीन उपलब्ध है, जिससे वेटिंग बढ़ रही है। इसे कम करने के लिए अतिरिक्त सोनोग्राफी मशीन की मांग शासन से की गई है, जो प्रक्रिया में है।उन्होंने आगे बताया कि 128 स्लाइस वाली सीटी स्कैन मशीन हेतु शासन से अनुमति प्राप्त हो चुकी है तथा प्रशासकीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इसका क्रय भी सीजीएमएससी के माध्यम से किया जाना प्रस्तावित है।डॉ. माहेश्वरी ने नागरिकों से अपील की कि अस्पताल से जुड़ी किसी भी भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी से भ्रमित न हों। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में मरीजों को सर्वोत्तम सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक संसाधनों पर लगातार कार्य किया जा रहा है और नागरिक निःसंकोच अपना उपचार कराएं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!