विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह ने आज अंतर्राज्यीय जांच चौकी पलसापाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाका पोस्ट पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत समीक्षा की।कलेक्टर लंगेह ने चौकी में संधारित रजिस्टर, आगमन–प्रस्थान दर्ज पुस्तिका, वाहनों की जांच प्रक्रिया तथा ड्यूटी पद्धति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि अंतर्राज्यीय सीमा से गुजरने वाले प्रत्येक मालवाहक वाहन की सतर्कता से जांच की जाए और किसी भी प्रकार की अवैध परिवहन गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संदिग्ध वाहन या सामग्री पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर प्रकरण दर्ज किया जाए।कलेक्टर ने कहा कि अंतर्राज्यीय चौकियों पर पारदर्शिता और सतर्कता सर्वोपरि है, इसलिए ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार सतत निगरानी, त्वरित कार्रवाई तथा ड्यूटी रोस्टर का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही टीम के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस, राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


