विकास नंद /सर्वव्यापी/
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन और राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश सरकारों के सहयोग से जलग्रहण विकास कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ावा देने हेतु भूमि संसाधन विभाग द्वारा ‘वाटरशेड महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में भी महोत्सव के तहत विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के साथ सोशल मीडिया प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।प्रतियोगिता में रील श्रेणी के विजेता को 50 हजार रुपए तथा फोटोग्राफी श्रेणी के विजेता को 1 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इच्छुक प्रतिभागियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं तथा यह प्रतियोगिता 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगी।कोई भी प्रतिभागी जल संचयन संरचनाओं, बागवानी, कृषि वानिकी तथा डब्ल्यूडीसी–पीएमकेएसवाई 1.0 एवं 2.0 सहित अन्य वाटरशेड योजनाओं के अंतर्गत निर्मित संरचनाओं और उनके सामुदायिक लाभों को दर्शाते हुए 30–60 सेकंड का लघु वीडियो/रील या फोटो तैयार कर सकता है।प्रतिभागियों को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते समय #WDC-PMKSY-WatershedMahotsav2025 हैशटैग का उपयोग अनिवार्य रूप से करना होगा। पोस्ट करने के बाद निर्धारित पोर्टलhttps://wdcpmksy.dolr.gov.in/registerMahotsav पर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रविष्टि 31 दिसंबर 2025 से पूर्व जमा करनी होगी। पंजीकरण के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट का लिंक अपलोड करना आवश्यक होगा, जिसके उपरांत प्रतिभागियों को सफल पंजीकरण की पुष्टि मेल प्राप्त होगी।प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद 31 जनवरी 2026 शाम 6 बजे तक प्रतिभागियों को अपने पोस्ट के रीच, व्यू, एंगेजमेंट, लाइक तथा कमेंट का स्क्रीनशॉट पोर्टल पर अपलोड करना होगा।आईडब्ल्यूएमपी एवं डब्ल्यूडीसी–पीएमकेएसवाई योजनाओं के अंतर्गत विकसित जल संचयन संरचनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://wdcpmksy.dolr.gov.in पर उपलब्ध है।प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना, समुदाय को जागरूक बनाना और जलग्रहण विकास कार्यों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।


