विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राज्य शासन के मंशानुरूप जिले में धान खरीदी कार्य की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज बिरकोनी, आछोला, तुमगांव, भोरिंग और जोबा उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता, गुणवत्ता परीक्षण, किसानों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रबंधन का विस्तार से जायज़ा लिया।कलेक्टर लंगेह ने उपार्जन केंद्रों में उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएँ सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी किसान को अनावश्यक देरी या परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान उन्होंने तौल कांटे, स्टैक यार्ड व्यवस्था और नमी मापने की मशीनों की कार्यप्रणाली की जाँच की तथा बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने ऑनलाइन पंजीयन सूची, टोकन वितरण प्रणाली और खरीदी डेटा को समय पर पोर्टल में अपडेट करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र, ट्रक लोडिंग तथा परिवहन व्यवस्था को और अधिक तेज एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश या सीलन की स्थिति में धान की सुरक्षा हेतु वैकल्पिक इंतज़ाम तैयार रखने पर जोर दिया। किसानों के लिए पीने के पानी और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि धान खरीदी शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध रूप से संचालित करने के लिए निर्देशित किया।निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, संबंधित तहसीलदार, खाद्य विभाग के अधिकारी, मार्कफेड प्रबंधक एवं उपार्जन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


