विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। इसके साथ ही अवैध धान परिवहन, संग्रहण और विक्रय पर रोक लगाने जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, मंडी, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें जांच चौकियों, राइस मिलों और उपार्जन केंद्रों में सतत छापेमारी कर रही हैं। राइस मिलों में स्टॉक वेरिफिकेशन का अभियान भी निरंतर जारी है।जिले में अब तक कुल 87 प्रकरणों में 8403 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया जा चुका है। इसी क्रम में आज खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले की दो राइस मिलों में बड़ी कार्रवाई की। स्टॉक की जांच के दौरान दोनों मिलों में घोषित मात्रा से अधिक धान पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त किया गया।फूड ऑफिसर अजय यादव ने बताया कि सरायपाली स्थित साईं बाबा राइस मिल से 400 कट्टा तथा बसना स्थित राधा केशव राइस मिल से 350 कट्टा धान स्टॉक से अधिक पाए जाने पर जप्त किए गए हैं।उन्होंने कहा कि जिले की सभी राइस मिलों में भौतिक सत्यापन का कार्य लगातार जारी रहेगा। स्टॉक में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी जारी रहेगी।


