विश्‍वविद्यालय में जेंडर संवेदनशीलता एवं सम्‍मान विषय पर कार्यशाला उद्घाटित। - Sarvavyapi विश्‍वविद्यालय में जेंडर संवेदनशीलता एवं सम्‍मान विषय पर कार्यशाला उद्घाटित। - Sarvavyapi

विश्‍वविद्यालय में जेंडर संवेदनशीलता एवं सम्‍मान विषय पर कार्यशाला उद्घाटित।

Share Now

तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/

महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र में कार्यस्‍थल पर जेंडर संवेदनशीलता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु जेंडर संवेदनशीलता एवं सम्‍मान विषय पर 01-03 दिसंबर तक शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के लिए कार्यशाला का आयोजन ग़ालिब सभागार में किया गया। सोमवार, 01 दिसंबर को शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गयी। उद्घाटन समारोह में दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय की विधि संकाय की एसोशिएट प्रोफेसर डॉ. शिवानी वर्मा ने मुख्‍य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर से मार्गदर्शक उपाय सुझाए गए हैं । जिसके तहत शिक्षण संस्‍थाओ को कार्य स्‍थल पर महिलाओं की सुरक्षा की जिम्‍मेदारी दी है। उन्‍होंने अधिनियम के प्रावधानों एवं बारीकियों का उल्‍लेख करते हुए कार्यस्‍थल पर होने वाली घटनाओं का जिक्र किया। रोगनिदान विज्ञान विभाग, सेवाग्राम अस्‍पताल की निदेशक एवं विभागाध्‍यक्ष डॉ. अनुपमा गुप्‍ता ने अपने विशिष्‍ट वक्‍तव्‍य में पीपीटी के माध्‍यम से जेंडर संवेदनशीलता, उसके नियम, परिभाषा आदि का उल्‍लेख करते हुए जेंडर संवेदी व्‍यवस्‍था बनाए रखने का आह्वान किया। उद्घाटन कार्यक्रम का आभार ज्ञापित करते हुए परीक्षा नियंत्रक एवं कार्यकारी कुलसचिव डॉ. सुरेंद्र गादेवार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता लाने की दिशा में कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्‍होंने कहा कि हमें कार्यस्‍थल पर समानता के भाव से महिलाओं के प्रति सम्‍मान रखना चाहिए। 02 दिसंबर को कर्मचारियों के लिए तथा 03 दिसंबर को शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के लिए कार्यशाला आयोजित की गयी।

कार्यशाला का उद्घाटन दीप प्रज्‍ज्‍वलन कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन गांधी एवं शांति अध्‍ययन विभाग के एसोशिएट प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार राय ने किया। डॉ. शिवानी वर्मा का स्‍वागत डॉ. सुरेंद्र गादेवार द्वारा शॉल, विश्‍वविद्यालय की प्रतीक चिन्‍ह एवं सूतमाला से किया गया। डॉ. अनुपमा गुप्‍ता का स्‍वागत सहायक कुलसचिव विनोद वैद्य ने किया। कुलगीत एवं राष्‍ट्रगान की प्रस्‍तुती प्रदर्शनकारी कला विभाग के सहायक प्रोफसर डॉ. तेजस्‍वी एच. आर. एवं समूह द्वारा की गयी। कार्यशाला के आयोजन में परिसर विकास विभाग की सहायक संगीता मालवीय ने भूमिका निभायी। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए जेंडर संवेदनशीलता एवं सम्‍मान विषय पर आधारीत पोस्‍टर एवं स्‍लोगन प्रतियोगिता का आयोजन कस्‍तूरबा सभागार में 28 नवंबर को किया गया। पोस्‍टर की प्रदर्शनी साहित्‍य विद्यापीठ में लगायी गयी, जिसका उद्घाटन डॉ. शिवानी वर्मा एवं डॉ. अनुपमा गुप्‍ता ने किया। इस अवसर पर अधिष्‍ठाता, विभागाध्‍यक्ष एवं अध्‍यापक बड़ी संख्‍या में उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!