विकास नंद/ सर्वव्यापी/
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 07 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक देशव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नवसाक्षरों का आंकलन किया जाएगा।जिले में शिक्षार्थियों के मूल्यांकन के लिए नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायत क्षेत्रों में कुल 492 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केन्द्र के लिए केन्द्राध्यक्ष सह पर्यवेक्षक की नियुक्ति कर दी गई है। जिले से 9,939 शिक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। सभी शिक्षार्थी अपनी सुविधा अनुसार निर्धारित समयावधि के भीतर परीक्षा दे सकेंगे।परीक्षा का प्रश्नपत्र तीन भागों—पढ़ना, लिखना एवं गणित—में विभाजित होगा। प्रत्येक भाग 50 अंकों का होगा और प्रश्नपत्र हल करने के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया है।परीक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखण्ड परियोजना अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा को सफल बनाने के लिए जिले के सभी संकुल समन्वयक, प्रधान पाठक, शिक्षक एवं स्वयंसेवी शिक्षक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।जिला स्तर पर गठित मॉनिटरिंग दल में जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य डाइट, जिला मिशन समन्वयक, जिला परियोजना अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी शामिल रहेंगे। वहीं विकासखण्ड स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड नोडल अधिकारी एवं बीआरसीसी को मॉनिटरिंग का दायित्व सौंपा गया है।जिले के सभी संकुल प्राचार्य अपने कार्य क्षेत्र के नोडल अधिकारी होंगे तथा संकुल समन्वयक अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।


