विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज बसना विकासखण्ड के भंवरपुर, गढ़फुलझर तथा पिथौरा विकासखण्ड के पिरदा धान उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता, टोकन सिस्टम, तौल प्रक्रिया और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर रवि साहू, बसना एसडीएम हरिशंकर पैकरा, पिथौरा एसडीएम बजरंग वर्मा तथा खाद्य अधिकारी अजय यादव मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न कराई जाए और सभी मूलभूत सुविधाएं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने तौल प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए कहा कि तौल मशीनें पूरी तरह सुचारू एवं त्रुटिरहित हों। गुणवत्ता परीक्षण पारदर्शी तरीके से और नियमों के अनुरूप किया जाए।उन्होंने केंद्रों में बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता, परिसर की स्वच्छता, पीने के पानी और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही ऑनलाइन पंजीयन सूची, टोकन वितरण और खरीदी डेटा को समय पर पोर्टल में अपडेट करने के निर्देश भी दिए।कलेक्टर ने धान बेचने पहुंचे किसानों से उपार्जन व्यवस्था को लेकर उनके सुझाव और समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, तेज और सुचारू रूप से संचालित करें।


