विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद / बसना ब्लाक ग्राम लमकेनी में आज एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब गांव के होनहार युवा रोहन साहू अपने प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार गृहग्राम लौटे। अग्निवीर भर्ती परीक्षा में प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने और कमांडर पद पर नियुक्त होने वाले रोहन साहू के आगमन पर पूरा गांव “भारत माता की जय” के जयघोष से गूंज उठा।गांव के प्रवेश द्वार से ही सैकड़ों ग्रामीणों का जनसैलाब रोहन के स्वागत के लिए उमड़ पड़ा। ढोल-ढमाकों, फूल वर्षा और आतिशबाजी के बीच रोहन का अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत रैली निकाली जो पूरे गांव में घूमते हुए सामुदायिक भवन परिसर तक पहुंची।स्वागत रैली के पश्चात रोहन साहू ने गांव के ग्राम देवता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

आयोजित सम्मान समारोह में भारी भीड़ एकत्रित हुई, जहां पंच-सरपंच, गुरूजन, गणमान्य नागरिक और गांव के वरिष्ठजनों ने रोहन को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि रोहन साहू ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वहीं रोहन ने अपने सम्मान से भावुक होते हुए कहा कि यह स्नेह और विश्वास ही उन्हें देशसेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है।समारोह के अंत में ग्रामीणों ने रोहन साहू को उज्ज्वल भविष्य और गौरवशाली सैन्य सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। लमकेनी में आज का दिन वास्तव में गर्व और देशभक्ति की भावना से सराबोर दिखाई दिया।


