विकास नंद/ सर्वव्यापी/
अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी महासमुंद द्वारा आज बेमचा स्थित जिला जेल का विस्तृत निरीक्षण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महासमुंद (छत्तीसगढ़) की सचिव आफरीन बानो ने बताया कि यह निरीक्षण माननीय छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा रिट याचिका क्रमांक W.P.(PIL) 11/2013 में दिनांक 15.12.2021 को पारित आदेश तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशों के पालन में किया गया।निरीक्षण दल में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद चेतना ठाकुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय शामिल थीं। कमेटी ने जेल में उपलब्ध विधिक सहायता, व्हीसी कक्ष, बैरक व्यवस्था, जेल भवन की स्थिति, नए बैरकों के निर्माण कार्य, मुलाकात कक्ष, जेल विस्तार हेतु भूमि हस्तांतरण, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता तथा बंदियों के वस्त्रों की दशा सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।कमेटी द्वारा बंदियों से प्रत्यक्ष रूप से मुलाकात कर उनके रहन-सहन, उपलब्ध सुविधाओं, न्यायालय में लंबित प्रकरणों की स्थिति, अधिवक्ताओं से समन्वय तथा अन्य समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली गई। साथ ही नवनिर्मित अतिरिक्त बैरकों का भी निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अक्षा गुप्ता, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियदर्शन गोस्वामी एवं आदित्य जैन, तहसीलदार जुगल किशोर, जेल चिकित्सा अधिकारी महेन्द्र चौधरी, थाना प्रभारी महासमुंद शरद दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


