विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज पिथौरा विकासखंड अंतर्गत भुरकोनी धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू और एसडीएम बजरंग वर्मा भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया, व्यवस्थाओं और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य को पारदर्शी, संवेदनशील और दक्षतापूर्वक संचालित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तौल व्यवस्था, नमी परीक्षण, तौल-कांटे की सटीकता और बोरी की उपलब्धता की स्थिति की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, तौल प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता हो तथा गुणवत्ता परीक्षण शुद्धता से किया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि धान की आवक बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएँ। साथ ही ट्रॉली एवं वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रहे और खरीदी केंद्र की साफ–सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, टोकन और रसीद वितरण की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्टैकिंग, परिवहन, गोदामों में भंडारण, रिकॉर्ड संधारण और अवैध धान परिवहन की रोकथाम के उपायों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने मौके पर किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएँ और सुझाव सुने तथा तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर किसानों के हितों को सर्वोपरि रखने को कहा।


