विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद के हृदय स्थल में निर्माणाधीन सेन्ट्रल लाइब्रेरी का निरीक्षण आज कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने ग्रंथालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर जल्द पूर्ण करने एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्रीय ग्रंथालय के संचालन हेतु नई समिति गठित करने के साथ-साथ क्रय समिति, प्रचालन समिति, भर्ती समिति सहित अन्य आवश्यक समितियों के गठन के निर्देश जिला ग्रंथपाल को दिए। उन्होंने भवन में सेंट्रल एसी की व्यवस्था, विद्यार्थियों हेतु शौचालय, वाई-फाई कनेक्शन, कंप्यूटर कक्ष एवं सुरक्षा मद्देनजर गार्ड रूम निर्माण के निर्देश भी दिए।समिति में कलेक्टर अध्यक्ष एवं जिला पंचायत CEO उपाध्यक्ष होंगे, जबकि अपर कलेक्टर ग्रंथालय के नोडल प्रभारी होंगे। कर्मचारियों की व्यवस्था एवं भर्ती जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से की जाएगी। संचालन के लिए साधारण समिति, शिकायत समिति, कार्यकारिणी समिति एवं वित्तीय समिति भी गठित की जाएगी। कलेक्टर ने आधारभूत संरचना के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।ग्रंथालय में साप्ताहिक–मासिक पत्र-पत्रिकाओं के साथ UPSC, PSC, व्यापम एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की खरीदी की जाएगी। खरीदी मांग-आधारित सूची के अनुमोदन एवं क्रय समिति द्वारा नियमानुसार होगी।जिला मुख्यालय में संचालित शासकीय जिला ग्रंथालय के अतिरिक्त यह केंद्रीय ग्रंथालय दो पालियों में चलेगा—सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक। वाचनालय की सुविधा पूर्णतः निशुल्क होगी, जबकि ग्रंथालय का उपयोग पंजीकृत प्रतियोगी विद्यार्थी कर सकेंगे। सदस्यता नियम साधारण सभा समिति तय करेगी।ग्रंथालय स्ववित्तपोषित मॉडल पर संचालित होगा। भवन में निर्मित 13 दुकानों एवं कैफेटेरिया के किराए, धरोहर राशि एवं विद्यार्थियों के मासिक शुल्क से संचालन प्रस्तावित है। ग्रंथालय में दो अनुभाग होंगे—15 वर्ष तक के लिए बाल अनुभाग तथा अन्य पाठकों हेतु ग्रंथालय अनुभाग। सीनियर सिटीजन एवं स्थानीय साहित्यकारों के लिए विशेष कोना और बच्चों हेतु चिल्ड्रन कॉर्नर भी बनाया जाएगा।कलेक्टर ने ग्रंथालय भवन में बनी दुकानों की नीलामी एवं मासिक किराया निर्धारित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।


