विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा जिले के विभिन्न धान उपार्जन केन्द्रों का सतत निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने सरायपाली विकासखंड स्थित रिशेकला धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, एसडीएम अनुपमा आनंद, नोडल अधिकारी और समिति प्रबंधक उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में व्यवस्थाओं, तौल प्रक्रिया, बारदाना उपलब्धता, टैगिंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और परिवहन प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों के धान की तौलाई कराते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि तौल प्रक्रिया 40 किलो 700 ग्राम के निर्धारित मानक के अनुसार ही की जाए। निर्धारित मात्रा से अधिक तौल मिलने पर संबंधित समिति प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।कलेक्टर ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएँ और सुझाव सुने तथा अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से संचालित किया जा रहा है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने केंद्र प्रभारी व कर्मचारियों को उपार्जन कार्य को और अधिक सुचारू व farmer-friendly बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


