विकास नंद/ सर्वव्यापी/
प्रदेश के किसानों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए राज्य सरकार ने धान खरीदी व्यवस्था को और सरल व सहज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। धान विक्रय के लिए उपयोग में लाए जा रहे तूहर टोकन ऐप को अब 24×7 खोल दिया गया है। इसके साथ ही टोकन काटने के लिए निर्धारित समय की बाध्यता पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। अब किसान दिन-रात किसी भी समय, अपनी सुविधा अनुसार मोबाइल एप के माध्यम से टोकन बुक कर सकेंगे।इस निर्णय से किसानों को धान विक्रय की बेहतर योजना बनाने में सुविधा मिलेगी तथा टोकन काटने के दौरान होने वाली भीड़ और तकनीकी दबाव से राहत मिलेगी। वर्तमान व्यवस्था के तहत किसान अब 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों के लिए अग्रिम रूप से टोकन प्राप्त कर सकेंगे।राज्य सरकार ने लघु एवं सीमांत किसानों को विशेष राहत देते हुए 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिए टोकन लेने की समय-सीमा बढ़ाकर 31 जनवरी तक कर दी है। यह निर्णय किसानों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि छोटे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उल्लेखनीय है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को निर्धारित आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर लें, जिससे धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।राज्य सरकार का यह कदम स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुचारू धान खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। टोकन प्रणाली में किए गए यह सुधार किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होंगे और धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाएंगे।