तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद पंचायत अंतर्गत छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से लगे ग्राम पंचायत छतौना के गुड़ी चौक पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्राम पंचायत की सरपंच राधिका राकेश कौशिक के अथक प्रयासों से चौक पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित किया गया है।सीसीटीवी कैमरे की स्थापना से क्षेत्र में आपराधिक प्रवृत्तियों पर अंकुश लगेगा तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। ग्रामीणों का कहना है कि कैमरे लगने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी संभव होगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को भी सहयोग मिलेगा।वहीं ग्रामीणों ने सुरक्षा को और बेहतर बनाने की दृष्टि से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से छतौना बस्ती तक मुख्य सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी की है। ग्रामीणों का मानना है कि सड़क प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होने से रात्रि के समय आवागमन सुरक्षित होगा तथा दुर्घटनाओं और अपराध की संभावनाएं भी कम होंगी।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि पंचायत एवं संबंधित विभाग इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए क्षेत्र में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, जिससे छतौना गांव को एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।