तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला रायपुर में 17 जनवरी 2026 की रात अचानक आग लगने की घटना को गंभीरता से लेते हुए लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने जांच के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में 18 जनवरी 2026 को लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा औपचारिक आदेश जारी कर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।जारी आदेश के अनुसार, आगजनी की इस घटना की विस्तृत जांच हेतु गठित समिति में संजीव श्रीवास्तव, संभागीय संयुक्त संचालक, रायपुर को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बजरंग प्रजापति, सहायक संचालक तथा सतीश नायर, सहायक संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर पांच दिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट संचालक, लोक शिक्षण छत्तीसगढ़ को प्रस्तुत करे। जांच में आग लगने के कारणों, संभावित लापरवाही, दस्तावेजों को हुए नुकसान तथा सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की भी पड़ताल की जाएगी।विभागीय सूत्रों के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आग लगने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि यह आग शॉर्ट सर्किट जैसी तकनीकी वजहों से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना हेतु भेज दी गई है। अब सबकी निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह घटना महज दुर्घटना थी या किसी बड़ी लापरवाही का परिणाम।