विकास नंद/ सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठनात्मक ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव करते हुए पहली बार मंडल स्तर पर पार्टी संगठन का गठन किया है। संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मंडल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की नियुक्ति कर जिलेवार सूची जारी की गई है।महासमुंद जिले में भी विभिन्न मंडलों के लिए कांग्रेस संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह नियुक्तियां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के अनुमोदन से तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा की गई हैं।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि मंडल स्तर पर संगठन के गठन से जमीनी कार्यकर्ताओं को मजबूती मिलेगी और पार्टी की नीतियां आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी।इस नए संगठनात्मक ढांचे को आगामी चुनावी तैयारियों और जनआंदोलनों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया है कि मंडल अध्यक्षों की सक्रिय भूमिका से संगठन और अधिक सशक्त होगा।