77 वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने फहराया राष्ट्रध्वज तिरंगा,पुलिस परेड ग्राउंड में गरिमामय समारोह का आयोजन।

Share Now

तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/

77वां गणतंत्र पर्व जिले में गरिमामय माहौल में उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संभागीय मुख्यालय बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। दर्शक अपने स्थान पर खड़े हुए तथा वर्दीधारी अधिकारियों ने सेल्यूट किया। मुख्यमंत्री ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए और हर्षाेल्लास और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन द्वारा राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी गई। पुलिस एवं नगर सेना द्वारा राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास कार्याे की मनोहारी झांकी ने सबका मन मोह लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर मुख्यमंत्री ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। परेड कमाण्डर के नेतृत्व में पूरे परिधान में सजे हुए 13 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। परेड में सीनियर कैटेगरी में पहला स्थान सशस्त्र पुलिस बल 2री बटालियन सकरी एवं दूसरा स्थान नगर सेना महिला बल को मिला। जूनियर कैटगरी में पहला स्थान सीनियर ब्वायज डिवीजन एनसीसी, दूसरा सीनियर गर्ल्स एनसीसी और तीसरा स्थान जूनियर गर्ल्स विंग्स एनसीसी को मिला। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहला पुरस्कार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरगिट्टी, दूसरा आंध्र समाज उच्चतर माध्यमिक शाला और तीसरा स्थान सेजेस तिफरा को मिला। इसके अलावा मास पी.टी. एवं जूम्बा वर्कआउट, नेशनल कान्वेंट भारती नगर शाला की प्रस्तुतियां भी सराहनीय रही। जिले के विभिन्न 21 विभागों द्वारा शासन की फ्लैगशीप योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। झांकी में छत्तीसगढ़ में हुए विकास कार्याे पर केन्द्रित शासकीय विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों की शानदार झांकी निकाली गई। झांकी में पहला स्थान पुलिस विभाग, दूसरा स्थान केन्द्रीय जेल बिलासपुर, और तीसरा पुरस्कार जिला पंचायत बिलासपुर को मिला। समारोह स्थल में प्रदर्शन के बाद सभी झांकियों का शहर में भ्रमण कराया गया ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहंुच सके। कार्यक्रम में विधायक सर्वश्री अमर अग्रवाल, धरमजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम शिवकुमार बनर्जी, सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ सक्सेना एवं मुकुल शर्मा ने किया।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!