विकास नंद/ सर्वव्यापी/
प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर सिरपुर में 1, 2 और 3 फरवरी को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। महोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है।महोत्सव स्थल पर 105×350 फीट का विशाल डोम तैयार किया जा रहा है, जबकि कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए 60×30 फीट का भव्य मंच निर्माणाधीन है। तीन दिनों में कुल 36 सांस्कृतिक, कला एवं मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन महानदी आरती का आयोजन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।महोत्सव में बाबा हंसराज रघुवंशी, मिथ ब्रदर्स, इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार, नचिकेत लेले एवं वैशाली रायकवार अपनी गायन प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। देशी कलाकारों के साथ विदेशी मेहमानों की मौजूदगी से आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी।आगंतुकों के लिए स्थानीय एवं पारंपरिक व्यंजनों से सजा फूड कोर्ट लगाया जाएगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए 15 विभागीय स्टॉल भी स्थापित किए जाएंगे।महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर विनय लंगेह ने प्रशासनिक टीम के साथ स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।