विकास नंद/ सर्वव्यापी/

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर खम्हारपाली परिवहन जांच चौकी द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व परिवहन जांच चौकी प्रभारी विष्णु प्रसाद ठाकुर ने किया। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट पहनने तथा सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया गया।इस अवसर पर प्रभारी श्री ठाकुर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगभग 50 लोगों को निःशुल्क हेलमेट एवं गुलाब का फूल वितरित किया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम में खम्हारपाली क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, परिवहन जांच चौकी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत आवश्यक कदम बताया।