विकास नंद/सर्वव्यापी/
ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर सिरपुर में आयोजित होने वाले सिरपुर महोत्सव को लेकर जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने गुरुवार शाम महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का अंतिम जायजा लिया तथा आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मुख्य मंच, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सिरपुर महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जिले की विशिष्ट पहचान और गौरव से जुड़ा हुआ उत्सव है, जिसे पूरी भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न किया जाना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव के दौरान आने वाले कलाकारों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता और प्रशासनिक समन्वय से यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार सिद्ध होगा।इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, साडा के सीईओ धम्मशील गणवीर, अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।