विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ। मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों को माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महानदी के पावन तट पर स्थित गंधेश्वर महादेव के आशीर्वाद से यह क्षेत्र निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सिरपुर केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है।मुख्यमंत्री ने बताया कि आज जिले को लगभग 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल, पर्यटन एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके अंतर्गत आधुनिक सड़कें, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग सुविधा, पर्यटक सुविधा केंद्र एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। सिरपुर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकें।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मलेशिया, कोरिया और जापान से आए बौद्ध विचारकों का सिरपुर आगमन इस स्थल के वैश्विक महत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सिरपुर में सनातन, बौद्ध एवं जैन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। पर्यटन की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए सरकार सिरपुर को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है, जिससे देश-दुनिया में सिरपुर का नाम गौरव के साथ स्थापित हो सके।मुख्यमंत्री ने अंचल के विकास के लिए सिरपुर बैराज को शीघ्र स्वीकृति देने की घोषणा करते हुए कहा कि सिकसेर जलाशय से कोडार जलाशय तक पानी लाने की योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के किसानों को वर्षभर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।कार्यक्रम में विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक बसना संपत अग्रवाल, विधायक साजा ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष महासमुंद निखिल कांत साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा दीवान, नगर पंचायत अध्यक्ष बसना डॉ. खुशबू अभिषेक अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, भारत स्काउट एवं गाइड संघ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी, जनपद पंचायत सदस्य दशरी ध्रुव, भारत स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।खाद्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव आज जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका है। इसके माध्यम से जिले को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। यह मंच युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि सिरपुर की पावन भूमि धर्म, कला और ज्ञान के अद्भुत संगम की साक्षी रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सिरपुर के संरक्षण, विकास और वैश्विक पहचान के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे यह क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छू रहा है।इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, साडा के सीईओ धम्म शील गणवीर, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।