विकास नंद/सर्वव्यापी/
ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी सिरपुर में आयोजित सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य समापन 3 फरवरी को संगीत, नृत्य और लोक-संस्कृति के अद्भुत संगम के साथ होगा। महोत्सव के अंतिम दिवस दिनभर विविध शास्त्रीय एवं लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ होंगी, वहीं रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स, मुंबई अपनी धमाकेदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।मीत ब्रदर्स अपने सुपरहिट गीतों के जरिए युवाओं और संगीत प्रेमियों के दिलों की धड़कन बढ़ाएंगे। “चल घर चलें मेरे हमदम, होंगे जुदा ना जब तक है दम”, “तेरे संग यारा, खुशरंग बहारा”, “आईना है तू, आईना मैं हूँ, तेरा ही चेहरा दिखता मुझमें” जैसे लोकप्रिय और भावनात्मक गीतों के साथ उनकी प्रस्तुति सिरपुर महोत्सव को यादगार बना देगी।इससे पूर्व दोपहर 2 बजे से कत्थक, ओडिसी, पंथी, बस्तरिहा नृत्य, डंडा नृत्य सहित विभिन्न लोक एवं शास्त्रीय प्रस्तुतियों का सिलसिला जारी रहेगा। शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके पश्चात लोक साधना की विशेष प्रस्तुति होगी।सिरपुर महोत्सव का यह समापन समारोह कला, संस्कृति और संगीत प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित होगा।