छत्तीसगढ़ में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की आहट,आईएएस -आईपीएस अफसरों के तबादले जल्द।

Share Now

तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बड़े प्रशासनिक फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार जल्द ही भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर सकती है। इस संभावित फेरबदल में कई अहम जिलों के कलेक्टरों के बदले जाने की चर्चा जोरों पर है।सूत्र बताते हैं कि बिलासपुर, महासमुंद ,बलौदाबाजार–भाटापारा, बालोद, गौरेला–पेंड्रा–मरवाही (GPM), सक्ती, कोरिया एवं कबीरधाम जिलों में वर्तमान कलेक्टरों को बदले जाने की संभावना पर मंथन चल रहा है। इन जिलों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं की गति, कानून-व्यवस्था एवं राजनीतिक फीडबैक के आधार पर सरकार स्तर पर समीक्षा की जा रही है।बताया जा रहा है कि आगामी महीनों में नीतिगत फैसलों, बजट क्रियान्वयन और जनहित योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सरकार अनुभवी एवं भरोसेमंद अफसरों को महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी सौंप सकती है। वहीं कुछ जिलों में लंबे समय से पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दिए जाने की भी चर्चा है।प्रशासनिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि इस फेरबदल के साथ ही कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव किया जा सकता है, जिससे कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक सरकार या सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मंत्रालय स्तर पर हलचल और फाइलों की आवाजाही ने संकेत दे दिए हैं कि तबादला सूची जल्द सामने आ सकती है। अब सभी की निगाहें राज्य सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं, जो यह तय करेगा कि प्रशासनिक मशीनरी में यह बदलाव कब और किस स्तर तक देखने को मिलेगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!