विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माननीय प्रधानमंत्री द्वारा विगत नौ वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का मुख्य आयोजन 6 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे किया गया।कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन, रेडियो, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, पीएम विद्या चैनल सहित अन्य माध्यमों से किया गया। इस अवसर पर विकासखंड सरायपाली के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की समुचित व्यवस्था की गई।विकासखंड के कुल 169 विद्यालयों में आयोजित इस प्रसारण में 20,504 विद्यार्थियों, 679 जनप्रतिनिधियों, 714 शाला प्रबंधन एवं विकास समिति सदस्यों तथा 1,258 शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी, शिक्षक, पालक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एक साथ उपस्थित रहे।परीक्षा पे चर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और परीक्षा को एक उत्सव के रूप में देखने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम से बच्चों में आत्मविश्वास का संचार हुआ, जिससे वे परीक्षा के दिनों में आने वाली चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकेंगे।इस प्रकार विकासखंड सरायपाली में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को लेकर व्यापक सहभागिता देखने को मिली और सभी हितग्राहियों ने इस प्रेरणादायक पहल का लाभ उठाया।