विकास नंद/ सर्वव्यापी/
किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी क्रम में विशेष व्यवस्था के तहत 5 फरवरी को महासमुंद जिले के 85 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 1304 किसानों से कुल 9882 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।5 फरवरी की स्थिति में अब तक जिले में कुल 1 लाख 49 हजार 291 किसानों से 1 लाख 10 हजार 836 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें मोटा धान 8 लाख 25 हजार 443 मीट्रिक टन, पतला धान 32.80 मीट्रिक टन तथा सरना धान 1 लाख 85 हजार 360 मीट्रिक टन शामिल है।अब तक कुल 5 लाख 64 हजार 869 मीट्रिक टन धान के उठाव हेतु डी.ओ. जारी किए जा चुके हैं, जिनके विरुद्ध 3 लाख 40 हजार 497 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। वर्तमान में 2 लाख 24 हजार 372 मीट्रिक टन धान का उठाव शेष है।विशेष अवधि के अंतर्गत उन किसानों को धान विक्रय का अवसर प्रदान किया गया, जिनके टोकन संबंधी प्रक्रिया या सत्यापन में पूर्व में किसी कारणवश विलंब हुआ था। निर्धारित तीन श्रेणियों के किसानों ने अपने-अपने उपार्जन केंद्रों पर पहुंचकर सुचारू रूप से धान का विक्रय किया।
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिले में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। उपार्जन केंद्रों पर नोडल अधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी एवं उड़नदस्ता दल पूरे दिन सक्रिय रहे, जिससे धान खरीदी कार्य निर्बाध रूप से संपन्न हुआ।