कल 10 फरवरी को प्रदेश में 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह…साइंस कॉलेज रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का होगा शुभांरभ।

Share Now

विकास नंद /सर्वव्यापी/

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कल 10 फरवरी को प्रदेशभर में 6,412 से अधिक जोड़े वैवाहिक जीवन में प्रवेश करेंगे। राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा “कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” का भी शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में 6 माह से 52 माह आयु वर्ग के 40 हजार कुपोषित बच्चों को कवर किया जाएगा। अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से होगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर एवं सुकमा जिले शामिल हैं।राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।मुख्य कार्यक्रम में प्रातः 11 बजे से 1,316 जोड़ों का विवाह विभिन्न धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में तथा 15 हजार रुपये की राशि उपहार सामग्री एवं विवाह आयोजन हेतु प्रदान की जाएगी।बलौदा बाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद एवं राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ेंगे, जबकि अन्य जिलों में जिला मुख्यालयों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संबंधित प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।योजना के अंतर्गत हिंदू रीति से 6,281, मुस्लिम रीति से 3, ईसाई रीति से 113, बौद्ध रीति से 5 तथा बैगा समुदाय के 10 जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान कर सामाजिक समानता, समरसता एवं जनकल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाती है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!