तरुण कौशिक/ संपादक, सर्वव्यापी

बिलासपुर संभाग अंतर्गत मुंगेली जिले के कलेक्टर कुंदन कुमार ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही सामने आई।कलेक्टर कुंदन कुमार के निरीक्षण में 25 अधिकारी-कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर कुंदन कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एक दिन का वेतन काटने के स्पष्ट निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयों की उपस्थिति पंजी, कार्यप्रगति, साफ-सफाई और आमजन से जुड़े कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कलेक्टर के इस अचानक निरीक्षण से जिले के शासकीय कार्यालयों में खलबली का माहौल है। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक निरीक्षणों का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे कर्मचारियों में जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।कलेक्टर कुंदन कुमार के इस सख्त कदम को सुशासन की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।