विकास नंद/ सर्वव्यापी/

सरायपाली नगर में आगामी मार्च माह में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। चंद्रपुर पहाड़ हनुमान मंदिर के सुप्रसिद्ध गुरुजी के सान्निध्य में 7 दिवसीय रामकथा एवं कथा उपरांत 5 दिवसीय दिव्य दरबार का भव्य आयोजन सरायपाली में प्रस्तावित है।आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन 4 घंटे की श्रीरामकथा में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादाओं का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। इसके पश्चात 5 दिनों तक प्रतिदिन 2 घंटे का दिव्य दरबार आयोजित होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को गुरुजी के आशीर्वचन, आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं दिव्य अनुभूति का लाभ मिलेगा।यह धार्मिक आयोजन सभी श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक सहयोग से संपन्न होगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है।रामकथा और दिव्य दरबार के माध्यम से सरायपाली में भक्ति, संस्कार और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण निर्मित होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र का धार्मिक और सांस्कृतिक वैभव और अधिक सुदृढ़ होगा।