विद्यालयों में लगेंगे आधार बायोमेट्रिक अपडेट शिविर…352 स्कूलों के 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों का होगा आधार अपडेट।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिले में यूडाईस 2025-26 के अंतर्गत विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट की प्रक्रिया को गति देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में आधार बायोमेट्रिक अपडेट शिविर आयोजित किए जाएंगे।06 फरवरी 2026 की स्थिति में जिले में कुल 30 हजार 587 विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। इनमें से 20 से अधिक लंबित बायोमेट्रिक वाले 352 विद्यालयों का चयन किया गया है, जहां लगभग 21 हजार 406 विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा। यह कार्य यूआईडीएआई के माध्यम से कर यूडाईस पोर्टल में प्रविष्ट किया जाएगा।जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा रेखराज शर्मा ने सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखण्ड स्रोत केंद्र समन्वयकों को निर्देशित किया है कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विद्यालयों को पालकों एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं शिविर में उपस्थित होकर अपना आधार बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकें।अभियान के सफल संचालन के लिए विकासखण्ड स्तर पर बीआरसी तथा संकुल स्तर पर संकुल समन्वयकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूरे अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद द्वारा की जाएगी। प्रथम चरण में 5 से 7 वर्ष तथा 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट पर विशेष फोकस करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।यूआईडीएआई द्वारा आधार बायोमेट्रिक अपडेट की जानकारी यूडाईस पोर्टल पर अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। यूआईडीएआई के निर्देशानुसार 7 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट एक वर्ष तक निःशुल्क किया गया है, जबकि 5 से 7 वर्ष एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए यह सुविधा पहले से ही निःशुल्क है।आधार ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन शिविर की जानकारी निर्धारित प्रारूप में संधारित करें तथा शिविर स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों की सूची, शुल्क विवरण एवं अन्य दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!