विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनसामान्य की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।कलेक्टर ने अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन सौंपते हुए समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। जन चौपाल में दिव्यांग कल्याण संघ महासमुंद द्वारा बैठक एवं प्रशिक्षण हेतु रैन बसेरा उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया गया। ग्राम सोनदादर, बागबाहरा के निवासियों ने अवैध कब्जा रोकने, महासमुंद निवासी जे.पी. चंद्राकर ने बंदोबस्त त्रुटि सुधार, ग्राम बराईजोर निवासी चूड़ामणि ने स्वयं की भूमि पर अवैध कब्जा हटाने तथा ग्राम लोहारडीह के ग्रामीणों ने दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर न्याय योजना से संबंधित आवेदन दिया।इसी तरह नयापारा महासमुंद निवासी रमाबाई देवांगन ने ईपीएफ राशि कटौती एवं वार्ड क्रमांक 15 सरायपाली नगर पालिका के निवासियों ने फोरलेन पहुंच मार्ग पर अवैध अतिक्रमण हटाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध अतिक्रमण एवं लंबित राशि भुगतान से संबंधित कई आवेदन भी प्राप्त हुए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।