विकास नंद/सर्वव्यापी/

रायपुर में आज महिला उत्पीड़न से संबंधित प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान आयोग ने संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ मामलों का निराकरण करते हुए पीड़ित महिलाओं को राहत प्रदान की।सुनवाई की अध्यक्षता महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने की।
इस अवसर पर आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा, प्रियम्वदा सिंह जूदेव, सरला कोसरिया, ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी उपस्थित रहीं।सुनवाई के दौरान एक प्रकरण में पति के निधन के पश्चात मायके में रह रही महिला को ससुराल पक्ष द्वारा जीवन निर्वाह के लिए 5 लाख रुपये नगद एवं 4 तोला सोना देने पर सहमति बनी। आयोग की मध्यस्थता से यह मामला सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाया गया।वहीं दूसरे प्रकरण में आपसी झगड़े के कारण अलग रह रहे पति-पत्नी ने आयोग की काउंसलिंग के बाद पुनः साथ रहने की सहमति व्यक्त की। आयोग द्वारा महिला की ससम्मान ससुराल के लिए विदाई कराई गई।
महिला आयोग द्वारा स्पष्ट किया गया कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, घरेलू विवादों का समाधान एवं न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आयोग भविष्य में भी ऐसे प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करता रहेगा।