तरुण कौशिक/संपादक, सर्वव्यापी

केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित यूजीसी बिल के समर्थन में आज SC-ST-OBC एकता महासंघ, मुंगेली के तत्वावधान में एक विशाल सभा एवं रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और सरकार के निर्णय के पक्ष में एकजुटता का प्रदर्शन किया।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी बिल से उच्च शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समान अवसर और गुणवत्ता में सुधार होगा। उनका कहना था कि यह बिल अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए शैक्षणिक अधिकारों को और मजबूत करेगा तथा भेदभावपूर्ण व्यवस्था को समाप्त करने की दिशा में एक ठोस कदम है।रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टरेट पहुंची, जहां महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यूजीसी बिल को शीघ्र लागू करने, आरक्षण व्यवस्था को यथावत रखने और कमजोर वर्गों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।महासंघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिक्षा किसी एक वर्ग की बपौती नहीं है, बल्कि यह सभी समाजों के विकास का आधार है। यूजीसी बिल यदि सही भावना के साथ लागू किया जाता है तो इससे ग्रामीण, आदिवासी और पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलेगा।इस अवसर पर वक्ताओं ने सरकार से आग्रह किया कि बिल को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों पर रोक लगाई जाए तथा समाज के सभी वर्गों को विश्वास में लेकर इसे लागू किया जाए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ। सभा-रैली में SC-ST-OBC एकता महासंघ के जिला पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।