फाइलेरिया उन्मूलन महाभियान का शुभारंभ…कलेक्टर लंगेह ने दवा सेवन कर दिलाई फाइलेरिया मुक्त जिले की शपथ।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

जिले में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) महाभियान का शुभारंभ मंगलवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महासमुंद में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हितग्राही चमेली निर्मलकर एवं अमावती ठाकुर को अपने हाथों से फाइलेरिया रोधी एल्बेन्डाजोल एवं डीईसी की दवा खिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

यह महाभियान जिले में 25 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराएंगी तथा बीमारी से बचाव एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करेंगी।इस अवसर पर कलेक्टर लंगेह ने कहा कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर दवा सेवन और व्यापक जनजागरूकता से इसे पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित की जा रही दवाओं का अनिवार्य रूप से सेवन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि महासमुंद जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य अमला पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि फाइलेरिया शरीर के लसीका तंत्र को प्रभावित करने वाली बीमारी है, जो लंबे समय में हाथ-पैर अथवा शरीर के अन्य अंगों में असामान्य सूजन (हाथीपांव) का कारण बनती है। इससे पीड़ित व्यक्ति को बार-बार बुखार, सूजन और दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

यह बीमारी मच्छरों के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलती है।जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे ने जानकारी दी कि अभियान के प्रारंभिक दिनों में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें तथा स्वयं एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों को दवा का सेवन अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सामूहिक दवा सेवन, मच्छरों से बचाव और स्वच्छता बनाए रखना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वितरित की जा रही दवाएं पूर्णतः सुरक्षित हैं।

कार्यक्रम में जायति, यशवंत साहू, दीपक तिवारी, राहुल, एकेश्वर सहित मितानिन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!