10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी, केंद्राध्यक्षों को मिला विशेष प्रशिक्षण…कलेक्टर लंगेह ने कहा – काउंसलिंग से दूर करें परीक्षा का भय, पारदर्शिता व अनुशासन सर्वोपरि।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सुव्यवस्थित, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में केंद्राध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कलेक्टर विजय कुमार लंगेह ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देते हुए परीक्षा की गोपनीयता, अनुशासन और संवेदनशीलता पर विशेष बल दिया।कलेक्टर लंगेह ने केंद्राध्यक्षों को निर्धारित रूट चार्ट का अनिवार्य पालन करने, परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए पेयजल की समुचित सुविधा तथा शौचालयों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सुव्यवस्थित रूप से बैठाया जाए, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी असामाजिक गतिविधि या व्यवधान की स्थिति में तत्काल तहसीलदार, एसडीएम अथवा फ्लाइंग स्क्वॉड को सूचना दी जाए। साथ ही विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग कर परीक्षा के भय को दूर करने और सकारात्मक माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने अपार आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए शेष विद्यार्थियों का शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नाम या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-3 भरकर संबंधित विकासखंड कार्यालय में जमा करने के लिए कहा गया।

सत्र 2025-26 में विभिन्न मदों में प्राप्त राशि के नियमानुसार एवं समयबद्ध उपयोग के निर्देश भी विद्यालयों को दिए गए, ताकि विद्यालय विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे एवं जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने भी संबोधित किया। समन्वय संस्था के प्राचार्य हेमंत आचार्य ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से प्राप्त प्रशिक्षण बिंदुओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

इस अवसर पर सहायक संचालक नंदकिशोर सिन्हा, एडीपीओ प्रमोद कन्नौजे, एपीसी सांप बोस, सुबोध तिवारी, बीईओ सरायपाली टीकम चंद पटेल, विज्ञान परिषद के समन्वयक जगदीश सिन्हा, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!