विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत संचालित पीएमश्री विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विभिन्न कक्षाओं में पहुँचे और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को तनावमुक्त रहकर योजनाबद्ध अध्ययन करने, समय प्रबंधन अपनाने तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और प्रेरणादायी संदेश देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राएं अत्यंत उत्साहित एवं प्रेरित नजर आए।निरीक्षण के दौरान जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, बीईओ के.के. वर्मा, एपीसी सम्पा बोस, एबीईओ रामता मन्नाडे सहित आरईएस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।इसके पश्चात कलेक्टर ने पीएमश्री शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) बागबाहरा में निर्माणाधीन नवीन भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने बायोलॉजी, केमिस्ट्री एवं फिजिक्स प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय तथा कम्प्यूटर लैब का पृथक-पृथक अवलोकन किया। प्रयोगशालाओं में उपलब्ध उपकरणों, पुस्तकालय व्यवस्था एवं कम्प्यूटर लैब के संचालन की जानकारी लेते हुए समुचित संधारण एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित ठेकेदार को मार्च माह तक कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।इसी क्रम में कलेक्टर ने पीएमश्री नवीन प्राथमिक शाला बागबाहरा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत कर उनकी पढ़ाई, उपस्थिति एवं अधिगम स्तर की जानकारी ली। साथ ही मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति एवं कक्षाओं की व्यवस्था का अवलोकन कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएमश्री विद्यालयों को उत्कृष्ट शैक्षणिक मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है और सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।