तरुण कौशिक, संपादक, सर्वव्यापी
तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से महज आधा किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत छतौना में सुरक्षा को लेकर एक अहम और सराहनीय कदम उठाया गया है। आज 20/02/2026 को ग्राम पंचायत छतौना के गांधी नगर आवास पारा, गुड़ी चौक में ग्राम पंचायत की सरपंच राधिका राकेश द्वारा सीसीटीवी कैमरा स्थापित कराया गया।सरपंच राधिका राकेश का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में अपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना और ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है। उल्लेखनीय है कि यह कोई पहली पहल नहीं है—पूर्व में भी ग्राम पंचायत के विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा चुके हैं, जिससे असामाजिक तत्वों पर निगरानी प्रभावी हुई है।वहीं, ग्रामीणों ने इस मौके पर एक गंभीर और जनहित से जुड़ी मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से लेकर राजेश तंबोली (भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता) के निवास तक जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगाई जानी चाहिए। यह मार्ग रात के समय अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा का खतरा भी बना रहता है।ग्रामीणों का मानना है कि यदि इस पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो जाए, तो न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि अपराध और दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस जनभावना और सुरक्षा की मांग पर कब तक ठोस कदम उठाते हैं।