राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को, 10 केंद्रों पर 2585 अभ्यर्थी होंगे शामिल— परीक्षार्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, रायपुर द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का आयोजन 22 फरवरी 2026, रविवार को किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2585 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पूर्व सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे।आयोग ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या डिजिटल सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को फोटो युक्त प्रवेश पत्र एवं मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।परीक्षा के दौरान जूते, मोटे सोल या ऊंची हील वाले फुटवियर पहनने की अनुमति नहीं होगी। केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर ही मान्य होंगे। दृष्टि चश्मे को छोड़कर अन्य किसी प्रकार के चश्मे, गॉगल्स या डिजिटल ग्लासेस पहनने पर रोक रहेगी। चिकित्सकीय कारणों से जूते या उपकरण पहनने वाले दिव्यांग अथवा बीमार अभ्यर्थियों को गहन जांच के बाद अनुमति दी जाएगी।अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े वर्जित रहेंगे। कार्गो एवं डिज़ाइनर कपड़ों की अनुमति नहीं होगी। सामान्य जींस या साधारण पैंट पहनी जा सकती है। महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती व दुपट्टा पहन सकती हैं, बशर्ते कुर्ती की बांह आधी हो। साड़ी पहनने पर ब्लाउज की बांह भी आधी होना अनिवार्य है।कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक परंपराओं के अनुसार अत्यंत आवश्यक प्रतीक चिन्हों को छोड़कर अन्य आभूषणों की अनुमति नहीं होगी। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को एक नोज पिन एवं एक मंगलसूत्र पहनने की छूट दी गई है, वह भी गहन जांच के अधीन।सभी अभ्यर्थियों को प्रत्येक पाली में परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा, ताकि मेटल डिटेक्टर एवं मैन्युअल तलाशी, प्रवेश पत्र-पहचान पत्र सत्यापन तथा चेहरे के मिलान की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!