विकास नंद/ सर्वव्यापी/
एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उड़ीसा से महाराष्ट्र तक फैली एंड-टू-एंड सप्लाई चेन को तोड़ते हुए 07 आरोपी एवं 01 आरोपिया सहित कुल 08 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 137 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग ₹68.50 लाख है, जब्त किया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक टोयोटा कार एवं एक मारुति सुजुकी ईको, 07 मोबाइल फोन तथा नकद ₹11,400 जप्त किए गए। कुल जप्त संपत्ति का मूल्य ₹74.88 लाख आंका गया है।चेकिंग के दौरान एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों को रोका गया, जहां गांजा अंगुल (उड़ीसा) से अकोला (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 29(1) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है। यह संपूर्ण कार्रवाई महासमुंद पुलिस द्वारा की गई।