विकास नंद /सर्वव्यापी/

आज दिनांक 26 फरवरी 2026 (गुरुवार) को माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित दसवीं बोर्ड परीक्षा के दौरान विकासखंड स्तरीय उड़न दस्ता दल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण दल का नेतृत्व अनुपमा आनंद, एसडीएम सरायपाली ने किया। उनके साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, बीआरसी देवानंद नायक तथा उच्च प्राथमिक शाला केना की शिक्षिका सविता साहू शामिल रहीं। दल द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी कन्या शाला सरायपाली एवं माधवराव सदाशिव गोलवलकर मंदिर स्कूल परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षार्थी सामाजिक विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र हल करते पाए गए। कक्षा कक्षों की व्यवस्था शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुरक्षित पाई गई। परीक्षा केंद्रों में बैठक व्यवस्था हेतु कुल 5 कक्ष निर्धारित थे तथा 10 पर्यवेक्षक तैनात पाए गए।
शासकीय कन्या शाला सरायपाली में दर्ज 153 परीक्षार्थियों में से 153 उपस्थित रहे, जबकि अनुपस्थित शून्य रहा। वहीं मंदिर स्कूल में दर्ज 139 परीक्षार्थियों में से 138 उपस्थित एवं 1 अनुपस्थित पाया गया।
इन परीक्षा केंद्रों में शासकीय कन्या शाला सरायपाली, सरस्वती शिशु मंदिर बालसी, गौरव विद्या मंदिर सरायपाली तथा केपी इंटरनेशनल स्कूल चट्टीगिरोला के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
विकासखंड सरायपाली अंतर्गत कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ कुल 2313 परीक्षार्थियों में से 2262 उपस्थित एवं 51 अनुपस्थित छात्र-छात्राएँ रहे। उड़न दस्ता दल की इस कार्रवाई से परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हुई।