विकास नंद/ सर्वव्यापी/
एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलोग्राम गांजा, एक कार, मोबाइल फोन एवं नगद राशि सहित कुल 29 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की वेरना एचएक्स कार में ओडिशा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर एनएच-53 रोड, रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट में बने विशेष चेंबर से गांजा बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज राठौर एवं हेमंत सिंह तोमर, दोनों निवासी जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपियों ने गांजा को पदमपुर (ओडिशा) से मुरैना ले जाना स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। यह संपूर्ण कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस टीम द्वारा की गई।