रायपुर में सिटी गैस परियोजना का शुभारंभ, स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक अधोसंरचना की ओर छत्तीसगढ़ का बड़ा कदम।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस की सुविधा की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इस दौरान प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सिटी गैस अवसंरचना परियोजना इसी विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना के प्रति प्रदेश की सशक्त प्रतिबद्धता को दर्शाती है।उन्होंने बताया कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (डीपीएनजी) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को रिफिलिंग की झंझट से राहत मिलेगी, सुरक्षा बढ़ेगी और ईंधन खर्च में भी कमी आएगी। सस्ती और सुलभ ऊर्जा से उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा प्रदेश में निवेश की संभावनाएं और सशक्त होंगी।मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि रायपुर सहित बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में शीघ्र ही सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों को ईंधन खर्च में राहत मिलेगी।उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि प्रदेशवासियों को मेट्रो शहरों जैसी सुविधाओं का अनुभव हो सके। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वच्छ ईंधन अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की, ताकि हरित, विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण हो सके।उल्लेखनीय है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत घरेलू एवं व्यावसायिक उपयोग हेतु पाइपलाइन से पीएनजी की आपूर्ति तथा वाहनों के लिए सीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन, गेल इंडिया के प्रतिनिधि तथा उद्योग जगत के गणमान्यजन उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!