विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सरायपाली की पावन धरा शीघ्र ही एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है।पंडित अजय उपाध्याय जी, जो पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी की दिव्य परंपरा से प्रेरित होकर पर्चा निकालने एवं दिव्य दरबार लगाने के लिए प्रसिद्ध हैं, अपने ओजस्वी कथावाचन और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के साथ शीघ्र ही सरायपाली क्षेत्र में उपस्थित होंगे।
यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का महापर्व होगा। दिव्य दरबार के साथ-साथ सामूहिक प्रेतराज दरबार का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। क्षेत्र में इस पावन आयोजन को लेकर भक्तों के हृदय में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण व्याप्त है।
आयोजकों के अनुसार, इस दिव्य आयोजन का उद्देश्य जनमानस को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करना, मानसिक एवं आध्यात्मिक समस्याओं के समाधान हेतु मार्गदर्शन देना तथा सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता का दीप प्रज्वलित करना है। गुरुजी के श्रीमुख से प्रवाहित होने वाली कथा और दिव्य संदेश श्रद्धालुओं के जीवन में नई आशा, सकारात्मकता और आत्मबल का संचार करेंगे।
कथावाचन एवं दिव्य दरबार के माध्यम से भक्तों को जीवन की जटिलताओं से उबरने का मार्ग, श्रद्धा का आधार और ईश्वर भक्ति की गहन अनुभूति प्राप्त होगी।
आयोजन की तिथि, स्थान एवं विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी।