विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत महासमुंद जिले के किसानों को बड़ी राहत मिली है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 1 लाख 49 हजार 759 किसानों के बैंक खातों में 745 करोड़ 30 लाख रुपए से अधिक की अंतर राशि सीधे अंतरित की गई। यह भुगतान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होली से पहले किया गया, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा राशि अंतरण किया गया, वहीं महासमुंद जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में वृहद किसान सम्मेलन आयोजित हुए।
पीटियाझर मंडी प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि सरकार किसानों से किए हर वादे को निभा रही है। उन्होंने सिकासेर–कोडार जलाशय लिंक परियोजना के लिए 3047 करोड़ रुपए की बजट स्वीकृति पर आभार जताते हुए बताया कि इससे दोनों फसलों के लिए सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी। साथ ही सिरपुर बैराज और नहर लाइनिंग कार्यों को भी गति मिलेगी।
कलेक्टर विनय लंगेह ने बताया कि जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 10.19 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। महासमुंद विकासखंड में ही 159 करोड़ 89 लाख रुपए की राशि किसानों को जारी की गई।
सम्मेलन में किसानों ने सरकार के प्रति भरोसा जताते हुए कहा कि अंतर राशि से वे होली उत्साहपूर्वक मनाएंगे और आगामी खेती की तैयारी करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।