विकास कार्यों के श्रेय पर राजनीति… गुंजन अग्रवाल बोले—सच्चाई जनता जानती है।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

दैनिक अखबार नवभारत में 7 मार्च को प्रकाशित एक समाचार के संदर्भ में सरायपाली भाजपा मंडल अध्यक्ष गुंजन अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिन विकास कार्यों की स्वीकृति का उल्लेख किया गया है, उनका श्रेय सरायपाली विधायक चातुरी नंद द्वारा लिया जा रहा है, जबकि वास्तविकता इससे भिन्न है।उन्होंने कहा कि उक्त विकास कार्यों की स्वीकृति सरायपाली जनपद पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी हरिश्चंद्र पटेल द्वारा अपने आधिकारिक लेटरहेड के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को भेजी गई अनुशंसा के आधार पर प्राप्त हुई है। इन कार्यों की स्वीकृति दिलाने की प्रक्रिया में आवश्यक पत्राचार, अनुशंसा तथा निरंतर प्रयास जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी हरिश्चंद्र पटेल द्वारा किए गए थे।गुंजन अग्रवाल ने बताया कि इन विकास कार्यों की स्वीकृति सुनिश्चित कराने में महासमुंद जिले की सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का भी योगदान रहा है। साथ ही जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी हरिश्चंद्र पटेल के सुपुत्र एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक डॉ. प्रकाश पटेल ने भी संबंधित विभागों और शासन स्तर पर लगातार संपर्क कर क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखते हुए इन कार्यों की स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों की स्वीकृति के बाद कुछ लोग इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं, जो तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। बिना किसी प्रत्यक्ष प्रयास या पहल के इस प्रकार का श्रेय लेना न केवल वास्तविकता से परे है, बल्कि क्षेत्र की जनता के बीच भ्रामक स्थिति भी उत्पन्न करता है।गुंजन अग्रवाल ने कहा कि सरायपाली क्षेत्र की जनता भली-भांति जानती है कि विकास कार्यों के लिए किसके द्वारा निरंतर प्रयास किए गए हैं और किसने शासन स्तर पर पहल कर क्षेत्र के हित में कार्यों की स्वीकृति दिलाई है। जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी हरिश्चंद्र पटेल की पहल तथा डॉ. प्रकाश चंद्र पटेल के सतत प्रयासों के फलस्वरूप ही ये विकास कार्य संभव हो पाए हैं।उन्होंने अपेक्षा जताई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की जानकारी प्रकाशित करते समय तथ्यों की पुष्टि कर ही प्रस्तुत किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता तक सही और पारदर्शी जानकारी पहुंच सके और किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!