तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला नगर सेना होमगार्ड एवं अग्निशमन यंत्र विभाग की महिला जिला कमांडेंट योग्यता साहू की ओर से नारी शक्ति को समर्पित एक प्रेरणादायी संदेश सामने आया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि महिलाएँ आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता, नेतृत्व और साहस से नई मिसालें गढ़ रही हैं। आपदा प्रबंधन, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और समाज सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण दायित्वों में महिलाओं की भागीदारी न केवल बढ़ी है, बल्कि वह निर्णायक भूमिका भी निभा रही हैं।महिला कमांडेंट योग्यता साहू ने सर्वव्यापी को बताया कि विभाग में कार्यरत महिला कर्मी कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और जोखिम के बीच सेवा भाव से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला दिवस केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि महिलाओं की शक्ति, अधिकार और आत्मनिर्भरता को निरंतर सशक्त करने का संकल्प है। उन्होंने सभी महिला कर्मियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण की सराहना की और समाज से महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा देने की अपील की।उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र प्रगति करता है। निश्चित रूप से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर योग्यता साहू का यह संदेश हर महिला के आत्मविश्वास और नेतृत्व को नई ऊर्जा देने वाला है।