तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बिजली व्यवस्था की बदहाली अब चिंता का विषय बनती जा रही है। विडंबना यह है कि छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी का मुख्यालय तिफरा क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद वहीं लगातार बिजली की आंख-मिचौली से आमजन परेशान हैं।शहर के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही हालात और बिगड़ते नजर आ रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब विभाग के मुख्यालय क्षेत्र में ही ऐसी स्थिति है, तो दूरस्थ गांवों की हालत का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। लोगों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।