विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विभागीय अधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी जुड़े।बैठक में नंदनवार ने सभी विभागों को वित्त विभाग के निर्देशानुसार 25 मार्च तक लंबित बिल अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए। धान उठाव कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने तेजी लाने और शेष धान का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने को कहा। बताया गया कि अब तक 9.40 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है।कुपोषण मुक्ति के लिए अधिकारियों को चिन्हांकित बच्चों को गोद लेकर उनके पोषण की जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा में पीएम श्री स्कूलों के नियमित निरीक्षण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी और बालिका शौचालयों के सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया गया।जनगणना की तैयारियों को लेकर सभी अधिकारियों को जानकारी अद्यतन रखने और तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उद्यानिकी विभाग को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए पाम ऑयल उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा गया।राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नंदनवार ने राजस्व पखवाड़ा आयोजित कर आमजनों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा सुधार सहित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने पर जोर दिया गया।इसके साथ ही मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनचौपाल, समय-सीमा पत्रक और लोक सेवा गारंटी से जुड़े मामलों की समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।