विश्व क्षय दिवस पर जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…टीबी मुक्त अभियान के 100 दिवस की शुरुआत।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर में विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में विविध जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएमएचओ कार्यालय से मितानिनों एवं विभिन्न सहयोगी संगठनों के साथ एक व्यापक जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर राज्य में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के 100 दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत भी की गई। केंद्र स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ शाम 5 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री द्वारा किया गया। जिले में कार्यक्रम का आयोजन मंथन सभा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की सभापति अरुणा सूर्या, कलेक्टर संजय अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल सहित सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल, जिला क्षय अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को सम्मानित किया गया। उन्हें पुष्प गुच्छ, प्रशस्ति पत्र एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट की गई। प्रथम वर्ष टीबी मुक्त हुई पंचायतों को कांस्य रंग की प्रतिमा तथा लगातार दो वर्ष टीबी मुक्त रहने वाली पंचायतों को सिल्वर रंग की प्रतिमा प्रदान की गई। वर्ष 2025 में बिलासपुर जिले की 62 पंचायतें पहली बार और 20 पंचायतें दूसरी बार टीबी मुक्त घोषित की गई हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने जिले में संचालित टीबी उन्मूलन कार्यों की सराहना करते हुए निरंतर प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला क्षय अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी ने टीबी रोग एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अन्य अतिथियों ने भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहयोग बढ़ाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि की जानकारी देते हुए इससे बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर डीपीएम प्यूली मजूमदार, ए. सरिता, विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ. ऋतु कश्यप एवं टीबी विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!